निजी जमीन पर वर्षों से बह रहा नगर का गंदा पानी, ग्रामीणों ने एसडीओ से लगाई न्याय की गुहार
अररिया 17 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज के किरकिचिया पंचायत तथा नगर परिषद क्षेत्र के कुछ वार्डों में वर्षों से नाला का गंदा पानी निजी कृषि भूमि से होकर बहने के कारण स्थानीय लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व मुखिया शमीम अहमद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने फारबिसगंज एसडीओ से सोमवार को मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और स्थायी समाधान की मांग की।
पूर्व मुखिया शमीम अहमद ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र का गंदा एवं दूषित पानी कई वर्षों से बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया, भूमि अधिग्रहण, सहमति या उचित मुआवजे के निजी जमीन से होकर बहाया जा रहा है। इससे उनकी भूमि स्थायी रूप से जलमग्न और प्रदूषित हो गई है। दुर्गंध, मच्छरों के प्रकोप और संक्रामक बीमारियों के खतरे के बीच लोगों का जीवन नारकीय बन गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में स्थिति असहनीय होने पर प्रभावित रैयतों ने अपनी निजी भूमि से गुजरने वाले मुख्य नाले को बंद कर दिया था। इसके बाद तत्कालीन मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, संबंधित वार्ड पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी के साथ लिखित समझौता हुआ था, जिसमें वैकल्पिक मार्ग से पक्का नाला बनाकर स्थायी समाधान का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों का कहना है कि नगर परिषद के वार्ड संख्या 22, 24 और 25 के बाद धत्ताटोला, कुढली, कटहारा एवं ढोलबज्जा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में नगर का अधिकांश गंदा पानी पहुंचता है। इससे उपजाऊ कृषि भूमि बर्बाद हो चुकी है और किसान खेती करने से वंचित हो रहे हैं, जिससे उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसडीओ को दिए गए आवेदन में प्रभावित लोगों ने शीघ्र वैकल्पिक जल निकासी व्यवस्था, निजी भूमि को गंदे पानी से मुक्त कराने तथा वर्षों से हो रहे नुकसान का उचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। मौके पर पूर्व उप-मुख्य पार्षद शाद अहमद,राजकुमार अग्रवाल,राजद नेता क्रांति कुंवर, भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रो. गणेश ठाकुर,लालू देव समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर