छपरा मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर, ओपीडी सेवा बाधित

 


सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। राजकीय छपरा मेडिकल कॉलेज में अप्रैल माह से वेतन न मिलने से नाराज 47 जूनियर डॉक्टरों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।

डॉक्टरों का कहना है कि अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी बकाए का भुगतान नहीं हुआ, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। हड़ताल के कारण अस्पताल की ओपीडी सेवा बुरी तरह प्रभावित रहा।

सुबह से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को डॉक्टरों के न मिलने से भारी परेशानी झेलनी पड़ी और कई मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौटने को मजबूर हुए। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ सीपी जयसवाल ने बताया कि उन्होंने स्थिति की जानकारी सारण के जिलाधिकारी को दे दी है।

साथ ही वेतन भुगतान से संबंधित रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्राथमिकता के आधार पर जल्द ही सभी जूनियर डॉक्टरों के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार