छात्र की मौत पर फूटा जूनियर डॉक्टरों का गुस्सा, जेएलएनएमसीएच में ओपीडी सेवा ठप
भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.) जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के बाद कैंपस में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन द्वारा दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की समय-सीमा समाप्त होने के बाद, मंगलवार को एक बार फिर जूनियर डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने मोर्चा खोल दिया।
आक्रोशित छात्रों ने अस्पताल की ओपीडी सेवा को पूरी तरह बंद करा दिया और परिसर में धरने पर बैठकर कॉलेज प्रशासन तथा पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने नई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने और दुर्घटना के वक्त कार में सवार सभी पांचों आरोपित पीजीडॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया था लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। छात्रों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि केवल कोरे आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी, कॉलेज से उनका निष्कासन और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र रूपेश सोनी 5 नवंबर की देर रात करीब 12:30 बजे कटहलबाड़ी के समीप अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रूपेश को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां 6 नवंबर को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जूनियर डॉक्टरों का गंभीर आरोप है कि कार में जेएलएनएमसीएच के ही पांच पीजी डॉक्टर सवार थे और चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। छात्रों का कहना है कि टक्कर मारने के बाद आरोपित सीनियर डॉक्टरों ने घायल रूपेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने मामले में कार चालक रेडियोलॉजी विभाग के पीजी छात्र डॉ. गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने कार में सवार अन्य चार पीजी डॉक्टरों (डॉ. चंद्रमोहन कुमार, डॉ. कुमारी रुचि, डॉ. कुमारी आकांक्षा और डॉ. शिवानी कुमारी) को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है। वहीं बढ़ते तनाव को देखते हुए मेडिकल कॉलेज को 23 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है (हालांकि हॉस्टल खुले हैं)। ताजा घटनाक्रम में, जिलाधिकारी ने मंगलवार को मृतक छात्र रूपेश सोनी के पिता को वार्ता के लिए बुलाया है। ओपीडी सेवाएं ठप रहने के कारण भागलपुर और आसपास के जिलों से इलाज कराने पहुंचे सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई मरीजों को बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर