न्यायिक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से जीवन में सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा अपनाने का किया आह्वान
सारण, 18 जून (हि.स.)। भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में सीपीएस, चांदमारी रोड में आयोजित जिला स्तरीय एकता शिविर के चौथे दिन विद्यार्थियों को न्यायिक पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत में सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ हरेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया, जिसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट एवं गाइड केवल गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा अपनाने का आह्वान करते हुए उन्हें देश का भविष्य बताया तथा कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति सिंह, विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार, एडीजे राघवेंद्र विक्रम सिंह परमार, न्यायिक दंडाधिकारी साक्षी प्रखर और नैना जिंदल ने बच्चों को संविधान, नागरिक कर्तव्यों, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार