जेपीयू कर्मचारी 15 सूत्री मांगों को लेकर 20 मई को करेंगे प्रदर्शन

 


सारण, 07 मई (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर चल रहे राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत गुरुवार को सभी कॉलेजों में धरना-प्रदर्शन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने सामूहिक कलमबंद हड़ताल कर विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 15 सूत्री मांग पत्र शामिल है, जिसमें वर्षों से लंबित वरीयता सूची का निर्धारण, समयबद्ध प्रोन्नति, सहायक कर्मियों को 4600 ग्रेड-पे, पुरानी पेंशन योजना को लागू करना, तथा दैनिक वेतनभोगी व आउटसोर्स कर्मियों का नियमितीकरण प्रमुख है। साथ ही रिक्त पदों पर नई बहाली की मांग को लेकर भी आवाज बुलंद की गई।

महासंघ के प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रशासन की लगातार उपेक्षा के कारण कर्मचारी सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। वहीं प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही सकारात्मक रुख नहीं अपनाया तो आगामी 20 मई 2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय का पूर्णतः चक्का जाम किया जाएगा। आज के सफल प्रदर्शन में प्रक्षेत्र के सभी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही जिससे आंदोलन को और अधिक बल मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार