बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव : राजग के सभी दलाें के प्रदेश अध्यक्षों ने दिखायी एकजुटता, जीत का किया दावा
पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मतदान 30 जुलाई काे हाेना है। उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए इसमें शामिल सभी दलाें के प्रदेश अध्यक्षों मंगलवार काे संयुक्त प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्त में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उपचुनाव में राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा काे भारी मताें से जीत दिलाने का आहवान किया। भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा क्षेत्र की जनता विकास के नाम पर एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में लामबंद है। पिछले दिनों हुए भव्य रोड शो और जनसंपर्क अभियान से स्पष्ट हो चुका है कि बांकीपुर की जनता एनडीए को भारी मतों से विजयी बनाने जा रही है और नीरज कुमार बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने जानकारी देते हुए कहा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद बांकीपुर के मतदाताओं से बिहार के विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए नीरज कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए के सभी घटक दल चट्टानी एकता के साथ चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। पटना और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए चौमुखी विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास केवल एनडीए सरकार और उसके प्रत्याशी पर टिका हुआ है। वही जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशाेर पर तंज कसते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा 98 प्रतिशत उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराने वाले 5 हजार में निपटेंगे। उन्हाेंने कहा बांकीपुर से नितिन नवीन का पारिवारिक रिश्ता रहा है और चिराग पासवान सहित एनडीए के तमाम शीर्ष नेता एकजुट हैं, जिससे यहां मुकाबले जैसा कोई माहौल ही नहीं बचा है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने नितिन नवीन से भी ज्यादा मतों के अंतर से नीरज कुमार सिन्हा के जीत का दावा किया है। उन्हाेंने कहा कि पार्टी ने एक साधारण गरीब कार्यकर्ता नीरज कुमार को मैदान में उतारकर जनता का सम्मान किया है। नीरज कुमार इस बार नितिन नवीन के पिछले जीत के रिकॉर्ड से भी अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
बिहार में 2005 से पहले का दौर की यादव दिलाते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि 2005 से पहले के पटना और आज के आधुनिक पटना आकाश जमीन का फर्क है। पूरे क्षेत्र में जो इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हुआ है, वह एनडीए शासन की ही देन है। एनडीए के शासन में ही बिहार समृद्ध और शांत है और बांकीपुर की जनता एनडीए काे भरी बहुमत से जीत दिलायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी