किशनगंज रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई, विदेशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार

 


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 8.64 लीटर विदेशी शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक एच.के. शर्मा, उत्पाद निरीक्षक हैदर अली तथा सीआईबी, न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) की टीम शामिल थी। संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान प्लेटफॉर्म पर महिला के कब्जे से 8.64 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल से ट्रेन के माध्यम से बिहार के विभिन्न इलाकों में तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी। बरामद शराब को जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

उत्पाद निरीक्षक हैदर अली ने बताया कि उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर आरपीएफ एवं उत्पाद विभाग द्वारा रेलवे स्टेशनों पर समय-समय पर संयुक्त जांच अभियान चलाया जाता है।

इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस तस्करी नेटवर्क से जुड़ी है और शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह