सरकार की नईं पहल, पेपरलेस रजिस्ट्री लागू होने से थमी जमीन रजिस्ट्री की रफ्तार

 

बक्सर, 04 अगस्त (हि.स.)।

राज्य सरकार द्वारा एक अगस्त से पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू किए जाने की घोषणा तो हुई पर यहां धरातल पर 3 अगस्त से शुरू किया गया। इधर नई व्यवस्था को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है, जिसका असर निबंधन कार्यालयों में साफ दिखाई भी दे रहा है।

आम दिनों में जहां रजिस्ट्री कार्यालयों में खरीदारों, विक्रेताओं और दस्तावेज लेखकों की भीड़ रहती थी, वहीं अब इसमें काफी कमी देखने को मिल रही है। सोमवार को बक्सर निबंधन कार्यालय में केवल पांच दस्तावेजों की रजिस्ट्री हुई, जबकि डुमरांव निबंधन कार्यालय में एक रजिस्ट्री होने की बात बताई गई है। यह जो भी रजिस्ट्री हुआ है वह कागज के आधार पर हुआ है जो पूर्व से तैयार थे ।नई ऑनलाइन और पेपरलेस प्रक्रिया को लेकर दस्तावेज लेखकों और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि नई प्रणाली की पूरी जानकारी मिलने के बाद ही सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद है।

जिला अवर निबंधक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि विभाग के निर्देशानुसार पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू कर दी गई है। 5 अगस्त को 4 से 5 लोगों को इस व्यवस्था के माध्यम से रजिस्ट्री किया जाएगा हालांकि लोग जरुर थोड़ा सा अनबन समझ रहे हैं क्योंकि उसमें जो स्टैंप वगैरह लगते थे वह नहीं लग रहे हैं फिर भी सरकारी प्रक्रिया जो है उसके माध्यम से ही लोगों को गुजरना होगा और हम लोग पूरी व्यवस्था के साथ इस कार्यक्रम को करने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि नई प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो और रजिस्ट्री कार्य जल्द ही सुचारु रूप से संचालित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra