जीविका दीदियां तैयार करेगी 40 हजार तिरंगा झंडे

 


सहरसा, 08 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा अभियान 2026” को सफल बनाने के लिए सहरसा जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है । इस वर्ष अभियान “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की थीम पर आयोजित किया जा रहा है।जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।

इस अभियान के तहत सहरसा जिले की जीविका दीदियां अपने हाथों से 40 हजार राष्ट्रीय तिरंगा झंडे का निर्माण कर रही हैं। जिन्हें जिले के विभिन्न प्रखंड एवं नगर निकाय क्षेत्रों एवं आमजनों तक पहुंचाया जाएगा।यह पहल एक ओर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं की आजीविका, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा प्रदान करेगी। जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार के निर्देश एवं जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बड़े पैमाने पर तिरंगा निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं। जीविका दीदियां पूरे उत्साह, समर्पण एवं निष्ठा के साथ राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर रही हैं। ताकि जिले के प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज पहुंचाया जा सके।

जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार ने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है । उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले के सभी प्रखंड एवं नगर निकाय क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध हों, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।जीविका समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगों का वितरण जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में किया जाएगा। अभियान के दौरान इन तिरंगों को घरों, सरकारी एवं निजी संस्थानों,व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर फहराने हेतु उपलब्ध कराया जाएगा।

जीविका दीदियों की यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और राष्ट्र निर्माण के उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण है। उनके द्वारा तैयार किए जा रहे तिरंगे न केवल उनकी मेहनत और कौशल के प्रतीक हैं।बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और गौरव की भावना को भी प्रदर्शित करते हैं । सहरसा जिले की यह पहल निश्चित रूप से “हर घर तिरंगा अभियान 2026” को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार