पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों ने निकाली मद्य निषेध जागरूकता प्रभात फेरी

 


किशनगंज, 28 जून (हि.स.)। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के सातों प्रखंडों में जीविका दीदियों ने मद्य निषेध एवं नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी निकाली।

प्रभात फेरी के माध्यम से गांव-गांव और टोला-टोला में लोगों को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।जीविका और मद्य निषेध विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघ से जुड़ी जीविका दीदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सुबह के समय कतारबद्ध होकर निकली प्रभात फेरी के दौरान दीदियों ने नशा मुक्ति से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया और शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

जीविका जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनुराधा चंद्रा ने बताया कि राज्य सरकार की मद्य निषेध नीति के प्रभावी प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान चलाया गया।

उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी प्रभावित करती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सभी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिले के सातों प्रखंडों में आयोजित प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया और लोगों से अपने गांव एवं टोले को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान ग्रामीणों को यह संदेश भी दिया गया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। जागरूकता अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाकर नशा मुक्त वातावरण तैयार करना तथा राज्य सरकार की मद्य निषेध नीति को जन-जन तक पहुंचाना है।

अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के जनजागरण कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और गांवों को पूर्णतः नशा मुक्त बनाने के अभियान को मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह