जितिया मेले में महिला पहलवानों का जलवा
सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के बलुआ पंचायत अंतर्गत ठाढ़ा भवानीपुर वार्ड संख्या-11 में जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय जितिया मेले के दूसरे एवं अंतिम दिन महिला कुश्ती प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। अखाड़े में उतरी महिला पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेंच आजमाकर अपने दमखम और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
पहलवानों के जोरदार मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही। मेले में खास आकर्षण समस्तीपुर की रिया पहलवान और हरियाणा की सरिता पहलवान के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला रहा। दोनों महिला पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले के दौरान दोनों पहलवानों ने कई बार शानदार दांव-पेंच लगाकर दर्शकों को रोमांचित किया। पहलवानों के हर बेहतरीन दांव पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
महिला पहलवानों की कुश्ती को लेकर मेले में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे थे। अखाड़े के आसपास दर्शकों की भीड़ जमा रही। महिला पहलवानों के प्रदर्शन ने विशेष रूप से युवाओं और खेलप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।
मेले के आयोजन को लेकर मेला कमेटी के अध्यक्ष हरेराम राय ने बताया कि ठाढ़ा भवानीपुर में जितिया पूजा के अवसर पर वर्ष 1980 से लगातार मेले का आयोजन किया जा रहा है। समय के साथ मेले का स्वरूप और आकर्षण बढ़ता गया है। उन्होंने बताया कि यहां केवल बलुआ पंचायत के लोग ही नहीं, बल्कि आसपास की दर्जनों पंचायतों से भी बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि जितिया मेला क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा आयोजन है। मेले को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ग्रामीण आपसी सहयोग से मेला आयोजन की व्यवस्थाओं में योगदान देते हैं।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था की गई है। परिसर में बच्चों और युवाओं के लिए झूला, ब्रेक डांस सहित कई मनोरंजन उपकरण लगाए गए हैं। बच्चों में झूला और अन्य खेल उपकरणों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। वहीं, मेला परिसर में लगी विभिन्न दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।
जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक मेले में धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और खेल का भी संगम देखने को मिला। महिला कुश्ती प्रतियोगिता ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र