बक्सर में उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 


बक्सर, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले में उद्योगों की स्थापना को आसान बनाने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business), स्टेट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (SBRAP), डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (DBRAP) एवं सिंगल विंडो सिस्टम को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान-2026 की गाइड बुक के अनुरूप सभी विभागों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में निवेश को प्रोत्साहित करने, नए उद्योगों की स्थापना को सरल बनाने तथा उद्यमियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

डीएम ने उद्योग स्थापना, व्यापार पंजीकरण, विभिन्न प्रकार के अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) एवं अन्य आवश्यक स्वीकृतियों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्यमियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने, स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा निवेशकों के लिए अनुकूल औद्योगिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से नियमित बैठकें आयोजित करने का भी निर्देश दिया।

'उद्योग वार्ता' में निवेशकों ने रखीं समस्याएं

बैठक के बाद जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में निवेशकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ 'उद्योग वार्ता' का आयोजन किया गया। इसमें नावानगर एवं बक्सर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित और प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से संवाद किया गया।

उद्यमियों ने मुख्य रूप से वन विभाग, बिजली आपूर्ति और सड़क संपर्क से जुड़ी समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 सहित उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिला पदाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, बक्सर को इन योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मेसर्स खाना मखाना की प्रोपराइटर नीलू कुमारी ने मखाना से चॉकलेट निर्माण की संभावनाओं पर विस्तृत सुझाव प्रस्तुत किया, जिसकी जिला पदाधिकारी ने सराहना की।

वही बक्सर उद्योग संघ के अध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने कहा कि बियाडा बक्सर में जितने भी उद्योग संचालित हैं उनकी जो मांगे है उसको भी सुना जाए समझा जाए। हम व्यापारियों को जो सुविधाएं मिलनी चाहिए उसे दिया जाए ताकि हम लोग और बेहतर कर सके।

क्या कहती है डीएम साहिला

डीएम साहिला ने कहा कि 'उद्योग वार्ता' का उद्देश्य जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देना, निवेश को बढ़ावा देना तथा उद्यमियों को सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़कर रोजगार और आर्थिक विकास को नई दिशा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra