बक्सर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा

 


बक्सर, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में योजना के लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन, ऋण स्वीकृति और सोलर रूफटॉप स्थापना में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों, बैंक अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा पंचायत प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। डीएम ने बताया कि बक्सर जिले में प्रधानमंत्री कुटीर योजना के 4,129 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से स्वयं अपने भवनों पर सोलर रूफटॉप लगाकर ग्रामीणों को प्रेरित करने की अपील की।

समीक्षा के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में ऋण स्वीकृति की दर लगभग 58 प्रतिशत है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के तहत ऋण स्वीकृति के लिए CIBIL स्कोर अनिवार्य नहीं है और बिना उचित कारण किसी पात्र आवेदक का आवेदन अस्वीकार नहीं किया जाए। सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सभी प्रखंडों में रोस्टरवार विशेष शिविर आयोजित करने तथा अभियंताओं को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकृत वेंडरों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सोलर संयंत्र स्थापना में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना की साप्ताहिक समीक्षा होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra