जिला प्रशासन, भागलपुर ने की पहल, कामकाजी महिला छात्रावास में ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ

 


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं के सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास की दिशा में जिला प्रशासन भागलपुर की एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत महिला विकास निगम एवं जिला प्रशासन भागलपुर के माध्यम से संचालित कामकाजी महिला छात्रावास अब उद्घाटन के अंतिम चरण में है। छात्रावास का औपचारिक उद्घाटन शीघ्र किया जाएगा। इस बीच, इच्छुक कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

पंजीकरण क्यूआर/बारकोड स्कैनर के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी बनाई गई है। छात्रावास आदमपुर, यूको बैंक के नीचे, भागलपुर में स्थित है। कमरों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इसलिए इच्छुक महिलाएँ शीघ्र अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराएँ। इस छात्रावास में वे सभी कामकाजी महिलाएँ आवेदन कर सकती हैं, जिनकी मासिक आय अधिकतम 75,000 या उससे कम है।

छात्रावास में सुरक्षित, स्वच्छ एवं आवश्यक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कार्यरत महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। अधिक जानकारी के लिए डीपीओ (आईसीडीएस) कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन, भागलपुर सभी पात्र कामकाजी महिलाओं से अपील करता है कि वे समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कर इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ उठाएँ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर