जी राम जी योजना से लाउढ़ पंचायत में माइनर की सफाई शुरू, 60 मजदूरों को मिला रोजगार
सुपौल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में लाउढ़ पंचायत में माइनर की सफाई का काम शुरू किया गया है।
इस कार्य में करीब 60 मजदूर लगाए गए हैं। मजदूर माइनर में जमा मिट्टी, गाद और अन्य अवरोधों को हटाने में जुटे हैं। करिहो सीमा से राजकुमार पासी के घर तक माइनर की सफाई कराई जा रही है। सफाई होने से माइनर में पानी का प्रवाह सुचारु होने की उम्मीद है। इससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और किसानों को लाभ मिलेगा।
साथ ही स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी मिल रहा है। योजना के तहत कराए जा रहे कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची।
निरीक्षण के दौरान पीओ अमरेंद्र कुमार, जेई, पीटीए, पीआरआरएस और अमित कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराने पर जोर दिया।
मौके पर लाउढ़ पंचायत के मुखिया राजेश कुमार चौधरी, मुखिया संघ के अध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र