झरौखर चेक पोस्ट पर 30 किलो गांजा जब्त,वाहन छोड़कर तस्कर हुआ फरार,

 


पूर्वी चंपारण,28 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। झरौखर एसएसबी बीओपी चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक टाटा सफारी वाहन से 30.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। सुरक्षा बलों को नेपाल से गांजा की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर झरौखर एसएसबी बीओपी चेक पोस्ट पर वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। भारत की ओर नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में कई वाहन अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।जांच होते देख एक टाटा सफारी वाहन का चालक अचानक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इससे सुरक्षा बलों का संदेह गहरा गया। एसएसबी के तलाशी दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और पास में मौजूद झरौखर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

संयुक्त टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 4 बंडलनुमा पैकेट में रखा कुल 30.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 05 P 7318 है, जिसका आरसी कार्ड भी वाहन से ही मिला है। यह कार्रवाई झरौखर बॉर्डर के समीप भारत-नेपाल सीमा के नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में, आईएनबी बीपी संख्या 357/03 के पास की गई।एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन समेत बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।

झरौखर थाना प्रभारी असलम अंसारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक विधिवत कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।यह कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों की सतर्कता और सख्ती को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार