तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की झांकी और नृत्य ने किया मंत्रमुग्ध
अररिया 13 अगस्त(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व हर घर तिरंगाअभियान के तहत गुरुवार को फुलकाहा में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई।विधायक देवन्ती यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा अटल चौक से शुरू हुई,जो फुलकाहा गांधी चौक,नवाबगंज चैती दुर्गा मंदिर,बॉर्डर रोड होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंची।हाथों में तिरंगा लिए लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे।करीब दो किलोमीटर लंबे काफिले में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल रहे।मार्ग में जगह-जगह यात्रा में शामिल लोगों को पेयजल और शरबत पिलाया गया।लोगों ने अपने छत से यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा की।स्कूली बच्चों देशभक्ति गीत पर नृत्य कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में फुलकाहा उत्थान संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता,उपाध्यक्ष व समाजसेवी राजेश कुमार रजक,संतोष कुमार साह,मदन ठाकुर,घनश्याम साह,रंजीत ठाकुर,दीपक गुप्ता,राजू गुप्ता,संतोष गुप्ता,पवन गुप्ता,मो.कासीम,हसीब अख्तर, जफर हुसैन सहित युवा वर्ग के सदस्य सक्रिय रहे।
मौके पर विधायक देवन्ती यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के मार्गदर्शन में सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर