पटना में ‘डॉ. अंबेडकर समग्र शिक्षा समागम’ का आयोजन, शिक्षा से समाज सशक्त बनाने पर जोर

 




पटना, 13 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में सोमवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा “डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र शिक्षा समागम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने की।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राज्य को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

उन्होंने विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रावास अनुदान राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह प्रति छात्र किया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत 30,000 से 1,00,000 रुपये तक की सहायता दी जा रही है, जिससे अब तक 6223 अभ्यर्थी लाभान्वित हो चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई अन्य मंत्री और विधायक शामिल हुए।

इस मौके पर विभागीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम को व्यापक सहभागिता मिली।---------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी