किशनगंज में स्वर्ण व्यवसायी से 60 लाख के जेवरात व नकदी की लूट, जांच में जुटी पुलिस

 


किशनगंज, 02 जून (हि.स.)। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सुभासनगर वार्ड संख्या-11 निवासी स्वर्ण व्यवसायी गंगा प्रसाद साह सोमवार की रात अपनी झांसी रानी चौक स्थित आभूषण दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।

उन्होंने दुकान में रखे लगभग 35 से 40 तोले सोने के जेवरात एक बैग में रखकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में सुरक्षित रखा था। इसके अलावा उनके पास करीब एक लाख रुपये नकद भी थे। पीड़ित के अनुसार, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच जब वह सुभासनगर स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखा सोने के आभूषणों से भरा बैग तथा नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लूटे गए सोने के जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।

मंगलवार को बहादुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने बताया कि पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी की लिखित शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है तथा पुलिस से जल्द खुलासा करने की अपेक्षा जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह