जीविका की नर्सरी ने बदली डोमनी देवी की जिंदगी, मजदूरी करने वाला परिवार बना आत्मनिर्भर

 


किशनगंज, 28 नवंबर (हि.स.)। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। बहादुरगंज प्रखंड की जीविका दीदी डोमनी देवी ने नर्सरी का संचालन कर अपनी आर्थिक स्थिति बदल दी है। कभी मजदूरी पर निर्भर रहने वाला उनका परिवार आज स्वरोजगार के माध्यम से अच्छी आमदनी कर रहा है। उनकी नर्सरी में तैयार पौधों की खरीद वीबी-जी राम जी योजना के तहत पौधरोपण के लिए की जाती है। इसके अलावा वे पौधों की खुदरा बिक्री भी करती हैं। डोमनी देवी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने करीब नौ लाख रुपये के 31 हजार 200 पौधों की बिक्री वीबी-जी राम जी योजना के तहत की। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग पांच लाख रुपये के पौधों की बिक्री की थी। चालू वित्तीय वर्ष में उन्होंने 50 हजार रुपये मूल्य के पौधे तैयार किए हैं, जिनकी बिक्री अभी होनी बाकी है।

डोमनी देवी बताती हैं कि पहले उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता था। स्वरोजगार शुरू करने के लिए उन्होंने जीविका स्वयं सहायता समूह से एक लाख 15 हजार रुपये का ऋण लिया। जीविका से मिली प्रेरणा और प्रोत्साहन ने उन्हें नर्सरी संचालन के लिए आगे बढ़ाया। धीरे-धीरे उनका कारोबार बढ़ता गया और वे लखपति दीदी बन गईं। नर्सरी की कमाई से उन्होंने स्कॉर्पियो गाड़ी भी खरीदी है, जिसे किराये पर चलाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होती है। उनके पति, जो पहले दिहाड़ी मजदूरी करते थे, अब नर्सरी संचालन में पत्नी का सहयोग करते हैं। डोमनी देवी कहती हैं कि जीविका स्वयं सहायता समूह ने उनके परिवार में आर्थिक खुशहाली का नया सवेरा लाया है। आज उन्हें घर के पास ही रोजगार मिला है और उनका परिवार आत्मनिर्भर बन गया है। उनकी सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह