विद्युत विभाग के जेई और निजी सहयोगी घुस लेते गिरफ्तार

 




भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने मंगलवार को नौलखा कोठी परिसर में छापेमारी कर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और उनके एक निजी सहयोगी को घुस लेते रंगे हाथ धर दबोचा।

बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग के जेई अमित कुमार अपने एक सहयोगी सौरभ कुमार के माध्यम से एक उपभोक्ता से चार हजार रुपये की रिश्वत की रकम वसूल रहे थे।

निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर जैसे ही रिश्वत की राशि का लेन-देन पूरा कराया, वैसे ही जेई अमित कुमार और उनके सहयोगी सौरभ कुमार को मौके पर ही रंगे हाथ धर लिया।

इस कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और निगरानी की टीम दोनों आरोपितों को कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

गिरफ्तार जेई अमित कुमार के पास बिजली विभाग के तिलकामांझी नार्थ सेक्शन की बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसके तहत खंजरपुर, नौलखा, एसएम कॉलेज समेत आसपास के कई घने और प्रमुख शहरी इलाके आते हैं।

जांच में यह बात सामने आई है कि बरारी निवासी सौरभ कुमार जेई अमित कुमार के लिए बिचौलिए के रूप में काम करता था और उसी के जरिए उपभोक्ताओं से अवैध वसूली और काम कराने का सौदा किया जाता था।

बताया जाता है कि बरारी के मायागंज निवासी एक पीड़ित व्यक्ति से किसी काम के एवज में आठ हजार रुपये की रिश्वत तय की गई थी और राशि ले ली गई थी, लेकिन काम समय पर पूरा नहीं हो पाया।

पीड़ित उपभोक्ता का काम तय समय पर नहीं हुआ तो उसने अपनी दी गई रिश्वत की रकम वापस करने के लिए जेई और उसके सहयोगी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पैसा वापस न मिलने और काम लटकाए जाने से आजिज आकर पीड़ित उपभोक्ता ने पूरे मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से कर दी थी। जिसके सत्यापन के बाद आज को यह कार्रवाई की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर