आधी आबादी जदयू की मजबूत आधार स्तम्भ, बूथ स्तर पर महिला प्रकोष्ठ को मजबूत बनाना है : उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 04 अगस्त (हि.स.)। नारी शक्ति जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की आधार स्तम्भ रही है और नीतीश कुमार को सूबे की महिलाओं ने हमेशा अटूट स्नेह एवं समर्थन दिया है।ये बातें पटना जदयू कार्यालय में मंगलवार काे आयाेजित जदयू महिला प्रकोष्ठ की बैठक काे संबाेधित करते हुए प्रदेश अध्यक्षउमेश सिंह कुशवाहा ने कही। बैठक में संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महिला प्रकोष्ठ का विस्तार बूथ स्तर तक करना है तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है।
नीतीश कुमार ने अपने बीते 20 वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को न्याय, सम्मान और गरिमा दिलाने तथा उनकी उम्मीदों को नई उड़ान देने के लिए जिस प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है, उसका दूसरा उदाहरण पूरे देश में नहीं मिलता। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पोशाक योजना, साइकिल योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की शुरुआत की गई। पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा पुलिस बल में 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप बिहार का महिला पुलिस बल देश में सबसे बड़ा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, महिला रोजगार योजना एवं जीविका के माध्यम से प्रदेश की आधी आबादी के आर्थिक सशक्तीकरण का नया द्वार खुला है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु किए गए इन ऐतिहासिक कार्यों को प्रदेश की प्रत्येक महिला तक पहुँचाना तथा उन्हें जदयू परिवार से जोड़कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत के हाथों को और मजबूत करना है।
महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शिवरानी देवी प्रजापति ने कहा कि नीतीश कुमार का महिला सशक्तिकरण माॅडल देश-दुनिया में अनुकरणीय है। उनकी दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश की महिलाएँ हर क्षेत्र में सफलता के नए परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला उत्थान से जुड़ी नीतीश कुमार की अनेक नीतियों एवं योजनाओं को देश के कई राज्यों ने अपने यहाँ लागू किया है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तर बिहार की प्रभारी खुशबू रानी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा, प्रदेश महासचिव श्वेता विश्वास सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी