छात्र जदयू की ‘छात्र संवाद-सह-समीक्षा बैठक’ आयोजित
भागलपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले के गोराडीह स्थित डिग्री कॉलेज काशील में मंगलवार को छात्र जदयू द्वारा ‘छात्र संवाद-सह-समीक्षा बैठक’ का आयोजन किया गया। बैठक में छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए संगठन की गतिविधियों, छात्र हित से जुड़े मुद्दों एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुहैल रंजन, विधायक सह प्रदेश प्रभारी, छात्र जदयू एवं धीरज कुमार, प्रदेश अध्यक्ष, छात्र जदयू थे। वहीं विशिष्ट अतिथि शुभानंद मुकेश, विधायक, कहलगांव उपस्थित रहे। मंच संचालन छात्र जदयू जिला अध्यक्ष गोलू मंडल ने तथा धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय अध्यक्ष एहसान उल राजा डेविड ने किया। प्रदेश अध्यक्ष छात्र जदयू धीरज कुमार ने कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं है। राजनीति सेवा का माध्यम है। छात्र जीवन से ही अगर हम समाज और प्रदेश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तो भविष्य में एक बेहतर नेतृत्व तैयार होगा।
नीतीश कुमार ने भी सेवा, सुशासन और विकास को राजनीति का आधार बनाया है। हमें उनके विचारों और कार्यशैली से प्रेरणा लेकर छात्र हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम करना है। विशिष्ट अतिथि विधायक शुभानंद मुकेश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज और राष्ट्र के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी है।
विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक एवं लोकतांत्रिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। वहीं विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन और समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। छात्र जदयू का उद्देश्य विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।
इस मौके पर शैलेन्द्र तोमर, मो हासिब, यास्मीन परवीन, अशोक सिन्हा, संजीत राय, ओम प्रकाश राजकुमार सिंह, संदीप कुमार, राहुल कुमार, विक्की कुमार, वसीम अकरम के साथ-साथ काफी तादाद में जदयू के नेतागण, कार्यकर्तागण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर