मुख्यमंत्री पर तेजस्वी की अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय, जनता नहीं करेगी स्वीकार: उमेश सिंह कुशवाहा

 


पटना, 26 जुलाई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी लगातार राजनीतिक विफलताओं से बौखलाए तेजस्वी यादव अब मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी के विरुद्ध की गई उनकी अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी घोर निंदनीय तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।

प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को अपनी भाषा पर लगाम रखने की नसीहत देते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के प्रति इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किसी भी परिस्थिति में सूबे की प्रबुद्ध एवं जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में महज 25 सीटों पर सिमटने के गहरे राजनीतिक आघात से तेजस्वी यादव अब तक उबर नहीं पाए हैं। इसी हताशा और निराशा के कारण वह भाषाई रूप से बेलगाम हो चुके हैं तथा व्यक्तिगत और स्तरहीन बयानबाजी के माध्यम से अपनी राजनीतिक कुंठा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरों पर अनाप-शनाप टिप्पणी करने के बजाय तेजस्वी यादव को अपने अंधकारमय राजनीतिक भविष्य और रसातल की ओर जाती अपनी पार्टी की स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए। आज उनकी राजनीतिक साख और विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। स्थिति यह है कि उनकी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी उन्हें अब सीरियसली नहीं लेते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी