सात निश्चय-3 के तहत ‘सहयोग शिविर’ जनजीवन को और अधिक सरल व सुविधायुक्त बनाएगा: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 11 मई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा कि नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान - जीवन आसान” के संकल्प को साकार करने हेतु पंचायत स्तर पर ‘‘सहयोग शिविर’’ की शुरुआत एक ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल है।
उन्होंने कहा कि जनसुविधा को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी द्वारा सहयोग पोर्टल एवं सहयोग हेल्पलाइन नंबर का शुभारंभ किया गया है, जिससे आमजन अब घर बैठे ही अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। इस पहल से प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही और अधिक सशक्त होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को ‘‘सहयोग शिविर’’ आयोजित किए जाएंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। यह व्यवस्था विशेष रूप से गरीब, असहाय एवं वंचित वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2005 में राज्य की बागडोर संभालने के बाद से नीतीश कुमार ने समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़़ने और उनके जीवन को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है।
इसी जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के तहत सात निश्चय- भाग 3 के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान - जीवन आसान’’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समाधान 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।
अंत में उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी