सीएम नीतीश की ‘सात निश्चय’ योजना ने बदली ग्रामीण बिहार की तस्वीर: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी एवं जनोन्मुखी नेतृत्व में संचालित ‘सात निश्चय’ योजना ने राज्य के ग्रामीण परिदृश्य में उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक परिवर्तन सुनिश्चित किया है।
उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी पहल के माध्यम से आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस प्रगति दर्ज की गई है। ‘हर घर बिजली’, ‘हर घर नल का जल’ तथा घर-घर तक पक्की गली-नालियों के निर्माण जैसे कार्यक्रमों ने ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में व्यापक सुधार किया है और आमजन को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त किया है।
उन्हाेंने कहा नीतीश कुमार की कुशल नीतियों के परिणामस्वरूप बिहार का ग्रामीण क्षेत्र लालटेन के युग से निकलकर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जगमगा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना ने गांवों की तस्वीर बदली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कौशल युवा कार्यक्रम जैसी पहलों के माध्यम से उन्हें उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जिससे आत्मनिर्भरता की दिशा में नई संभावनाएँ सृजित हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी