जदयू प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार पर जोर
कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) व्यवसाय एवं उद्योग प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक रविवार को कटिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्य अतिथि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक विशाल कुमार साह ने कटिहार जिले में संगठन को और अधिक गतिशील बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को प्रखंड एवं वार्ड स्तर तक सांगठनिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक व्यवसायियों एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों को प्रकोष्ठ से जोड़ने का स्पष्ट निर्देश दिया।
बैठक की अध्यक्षता जदयू व्यवसाय एवं उद्योग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन पोद्दार ने की, जबकि मंच संचालन महानगर अध्यक्ष जिम्मी अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के आरंभ में व्यवसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य अतिथि विशाल कुमार साह सहित सभी आगंतुक अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
एनडीए सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विशाल कुमार साह ने कहा कि एनडीए सरकार व्यापार और उद्योग के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में सरकार द्वारा व्यापार जगत के हित में लिए गए फैसलों, कल्याणकारी योजनाओं, व्यवसायियों की सुरक्षा तथा अनुकूल व्यापारिक माहौल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित कदवा विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में राज्य में व्यवसायियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाया। नेताओं ने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, इसलिए संगठन को धरातल पर मजबूत करना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता
इस अवसर पर जदयू के प्रदेश सचिव शिव अग्रवाल, करण कुमार, रेखा साह, वरिष्ठ नेता शमीम इकबाल, जदयू महानगर अध्यक्ष विशाल राणा, राजेश चमड़िया, विजय अग्रवाल, राजेंद्र कुमार पोद्दार, गौरव केडिया, प्रेमचंद, मोनू चौधरी, रामनाथ राय, अंकित राज, प्रेम कुमार, सुमन, अभिषेक सिंह, सतीश ठाकुर, इम्तियाज हैदर, मनोवर आलम, मोहम्मद जबर, इमरान आलम, अभिषेक गुप्ता, संतोष अग्रवाल, रणधीर जायसवाल, संजय गुप्ता, मो. सोहेल, राजू गुप्ता, विक्रम राय, पप्पू राय, राजेंद्र पोद्दार, शंकर पोद्दार, मुकेश कुमार, राजू शाह सहित बड़ी संख्या में प्रखंड अध्यक्ष, महानगर के वार्ड अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह