फरक्का संधि के बहाने जदयू ने छेड़ी बिहार के पानी के अधिकार की लड़ाई
बक्सर, 05 सितम्बर(हि.स.)। गंगा के पानी पर बिहार के अधिकार और फरक्का जल संधि के मुद्दे को लेकर जदयू ने शनिवार को बक्सर से अपने राजनीतिक अभियान का आगाज किया। ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने फरक्का जल संधि को बिहार के हितों से जोड़ते हुए इसे बड़ा जनमुद्दा बनाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि तीन दशक पहले बिहार के हितों की जिस तरह अनदेखी हुई, उसे अब दोहराने नहीं दिया जाएगा।
बक्सर पहुंचने पर संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। दोनों नेताओं ने गंगा और ठोरा नदी के संगम त्रिमुहानी पहुंचकर गंगा की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद बगीचा उत्सव लॉन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय झा ने कहा कि 12 दिसंबर 2026 को भारत-बांग्लादेश गंगा जल संधि के 30 वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में बिहार के हिस्से के पानी, सिंचाई, खेती और बाढ़ की समस्या पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है।
‘तब किसकी सरकार थी, यह भी बताना होगा’
बिहार और केंद्र में जदयू के सत्ता में होने के बावजूद मांग पूरी नहीं होने के सवाल पर संजय झा ने पूर्ववर्ती सरकारों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि 1996 में जब जल संधि लागू हुई, उस समय केंद्र में किसकी सरकार थी, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता के हित में बिहार के लोगों के हितों की अनदेखी की गई। अब सवाल उठाने वालों को यह भी बताना चाहिए कि ऐसी व्यवस्था क्यों बनाई गई, जिसमें बिहार के हितों को पर्याप्त महत्व नहीं मिला।
संजय झा ने फरक्का बैराज को लेकर गाद और बाढ़ की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि फरक्का के बाद गंगा में गाद जमा होने की समस्या बढ़ी, जिसका असर नदी के प्रवाह, सिंचाई और बाढ़ की स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की कमी और बरसात में बाढ़ बिहार की दोहरी चुनौती है।
उन्होंने बताया कि बिहार के जल अधिकार का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा गया है और विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। जदयू अब गंगा किनारे बसे बिहार के 12 जिलों में जनसंवाद कर इस मुद्दे पर लोगों को जोड़ने की तैयारी में है।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष निराला, जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra