संगठन विस्तार को लेकर जदयू की बैठक

 


भागलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)।

भागलपुर महानगर जिला जदयू कार्यालय में रविवार को संगठन विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक महानगर जिला अध्यक्ष संजय साह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से वरिष्ठ जदयू नेता राकेश कुमार ओझा, रामाशीष सिंह, भागलपुर नगर प्रवक्ता राहुल सिंह, शिक्षा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष अमित आर्यन, युवा अध्यक्ष दीपक चौहान, महानगर उपाध्यक्ष संजू तिवारी, डॉ यास्मीन अंसारी, महादलित प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष सागर हरि, सुबोध शर्मा, विकास सिंह, किशोर साह, मुन्ना खान, परवेज खान, प्रीति देवी, लाखी सिंह, सुमन कुमारी, सुनीता सिंह, कविता देवी, सपना देवी, सुलेखा देवी एवं शाक्या सलीम सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर महानगर जिला अध्यक्ष संजय साह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने, नए एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही जनता दल (यू) महानगर में और अधिक मजबूत होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। राकेश कुमार ओझा ने कहा कि संगठन का विस्तार केवल संख्या बढ़ाने का कार्य नहीं, बल्कि समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार करने का अभियान है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, अनुशासन और नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में संगठन विस्तार अभियान को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर