निशांत कुमार की सदभाव यात्रा की तैयारी में जदयू लगा
निशांत कुमार तोन मई को वाल्मीकिनगर आयेंगे,वो चार मई को गाँधी सभागार, बेतिया में कार्यकर्ता संवाद करेंगे
पश्चिम चम्पारण(बगहा),1मई(हि.स.)।पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर से जदयू के नेता निशांत कुमार की सदभाव यात्रा इसी तीन मई से होने जा रही है,जिसकी तैयारी के लिए बगहा के जद यू के नेता और कार्यकर्ताओं की एक बैठक बगहा दो स्थित आईबी और बगहा पुलिस जिला के प्रखंडों में हुई है।
बैठक में वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने उपस्थित नेता और कार्यकर्ताओं से कहा कि निशांत कुमार अब जदयू और बिहार के भविष्य हैं। उनकी इस यात्रा को यादगार बनाना है। जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2005 में न्याय यात्रा के बाद बिहार सरकार बनाकर राज्य की दशा और दिशा बदलने का काम किया था, उसी तरह उनके सुपुत्र युवा नेता निशांत कुमार अपनी सदभाव यात्रा की शुरुआत चम्पारण में वाल्मीकिनगर की धरती से करने जा रहें हैं, जो ऐतिहासिक होगी।
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार तोन मई को वाल्मीकिनगर आयेंगे,वो चार मई को गाँधी सभागार, बेतिया में कार्यकर्ता संवाद करेंगे।बैठक में एमएलसी भीष्म सहनी ने कहा कि निशांत कुमार का बगहा के चौतरवा, मंगलपुर, लक्ष्मीपुर आदि जगहों पर भव्य स्वागत किया जायेगा। उनके आने से जदयू कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।
जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह ने बताया है कि निशांत कुमार गाँधी नगर में राष्ट्रपिता गाँधी और अनुमंडल के सामने संविधान निर्माता बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। रास्ते में अल्पसंख्यक समाज द्वारा भी युवा नेता का स्वागत किया जायेगा। जदयू नेता राकेश सिंह के अनुसार वाल्मीकिनगर के विभिन्न धार्मिक स्थल ,गंडक बराज का भ्रमण करने के पश्चात कन्वेंशन सेंटर में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद निशांत कुमार चार मई को सुबह बेतिया प्रेक्षा गृह के लिए प्रस्थान करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी