गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि, पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने दोनों महापुरुषों को किया नमन

 


भागलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान जननायकों के विचारों, देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा, महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरे देश को आजादी की लड़ाई के लिए एकजुट किया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और निष्काम देशसेवा की एक अनूठी मिसाल कायम की। उन्होंने आगे कहा कि इन दोनों महापुरुषों के विचार आज भी हमारे समाज और देश का मार्गदर्शन करने के लिए पूरी तरह प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं। अजीत शर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि वे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के उच्च आदर्शों को अपने व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में अपनाएं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर