मनाई गई भवानी प्रसाद मिश्र की जयंती

 


भागलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा मालदा मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में हिंदी साहित्य के प्रख्यात साहित्यकार भवानी प्रसाद मिश्र की जयंती का आयोजन बुधवार को मुंगेर स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक राजीव कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ अनुवादक विद्यासागर राम द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात भवानी प्रसाद मिश्र जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव कुमार द्वारा आमंत्रित वक्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आमंत्रित वक्ताओं में मुंगेर से पधारे प्रमोद कुमार निराला, किरण शर्मा, विजय वर्तानिया, डॉ. अंजनी कुमार सुमन, श्रेया सुमन, नवीन छवि एवं निवास कुमार तथा पटना से विनय कुमार झा ‘विमल’ ने मिश्र जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही कवियों द्वारा उनकी रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।

वक्ताओं ने भवानी प्रसाद मिश्र जी को हिंदी साहित्य जगत के एक अद्वितीय साहित्यकार एवं संवेदनशील कवि के रूप में वर्णित करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं ने साहित्य को नई दिशा प्रदान की है। उनकी कृतियाँ केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम भी हैं तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उनकी प्रासंगिकता और भी अधिक बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर