महाराजा जरासंध का शौर्य, मगध की विरासत और सामाजिक स्वाभिमान हमारी पहचान : संजय सरावगी
पटना, 28 नवंबर (हि.स.)। पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में मगध सम्राट जरासंध महाराज के जन्मोत्सव सह स्वाभिमान रैली का आयोजन हुआ। शनिवार काे आयाेजित कार्यक्रम में मगध सम्राट जरासंध के शौर्य, पराक्रम और गौरवशाली विरासत को याद करते हुए सामाजिक स्वाभिमान और एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं गया के विधायक डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के मंत्री एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं दीघा विधायक संजीव चौरसिया, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक संजय गुप्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के सफल और भव्य आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद सिंह चंद्रवंशी की तारीफ की और कहा कि उनके नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पिछले कई महीनों से उन्होने पूरे बिहार का भ्रमण कर समाज को एकजुट करने का काम किया है। उनकी मेहनत और निष्ठा को देखते हुए ही पार्टी ने उन्हें ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है। उन्होंने सभी आयोजकों और कार्यकर्ताओं को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
रैली को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि मगध सम्राट जरासंध की जयंती के अवसर पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति सामाजिक एकता और स्वाभिमान की मजबूती का प्रमाण है। महाराजा जरासंध भारतीय पौराणिक और शास्त्रीय परंपरा में शक्तिशाली सम्राट, अजेय योद्धा और मगध के प्रतापी शासक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। अपने महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास और विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित कर प्रधानमंत्री ने पूरे बिहार और देश के अति पिछड़ा समाज का मान बढ़ाया। वर्ष 2018 में 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। वहीं मेडिकल शिक्षा के ऑल इंडिया कोटा में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। इससे गरीब और वंचित परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में वर्ष 2005 में नीतीश कुमार और स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद 2006 में पंचायती राज संस्थाओं और 2007 में नगर निकायों में अति पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिया गया। आज चंद्रवंशी सहित विभिन्न पिछड़े समाजों के लोग मुखिया, जिला परिषद अध्यक्ष, वार्ड सदस्य, महापौर और उपमहापौर जैसे पदों पर पहुंचकर शासन और विकास में भागीदारी निभा रहे हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री अति पिछड़ा वर्ग उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। इसमें पांच लाख रुपये अनुदान और पांच लाख रुपये शून्य ब्याज पर उपलब्ध कराए जाते हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाना है। बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 50 हजार रुपये और यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावासों में विद्यार्थियों को प्रतिमाह एक हजार रुपये और 15 किलोग्राम खाद्यान्न की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रत्येक प्रखंड में मॉडल विद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। विद्यार्थियों की शंकाओं के समाधान के लिए डिजिटल ऐप के माध्यम से वास्तविक शिक्षक 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां एक ही दिन में 221 डिग्री कॉलेज खोलकर पढ़ाई शुरू कराई गई।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और प्रत्येक जिले में लैंड बैंक तैयार किए जा रहे हैं। गौतम अडानी ने बिहार में 56 हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे से पहले उद्योगपतियों ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों के लिए 30 दिनों के भीतर मामलों का निष्पादन अनिवार्य किया गया है। लापरवाही बरतने वाले 15 अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने निलंबित भी किया है। बिहार में पहले जंगलराज समाप्त कर सुशासन की नींव रखी गई और अब उसी सुशासन को समृद्धि में बदलने का कार्य हो रहा है।
अंत में संजय सरावगी ने कहा कि अति पिछड़ा और चंद्रवंशी समाज को वास्तविक मान-सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी एनडीए सरकार ने दी है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार समाज के सभी वर्गों के स्वावलंबन, शिक्षा और रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि महाराजा जरासंध का शौर्य हमारा गौरव, मगध की विरासत हमारी पहचान, सामाजिक एकता हमारी ताकत, शिक्षा हमारा अधिकार और आत्मनिर्भरता हमारा भविष्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त