सिटी एसपी ने जनता दरबार में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

 


भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को भागलपुर पुलिस कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनता दरबार में भूमि विवाद, आपसी रंजिश, पारिवारिक कलह और लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने से जुड़े कई मामले सामने आए।

सिटी एसपी ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली और मौके पर ही संबंधित थानाध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों को फोन व लिखित आदेश के माध्यम से मामलों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि थानों में आने वाले हर फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। पुलिस प्रशासन की इस पहल से दूर-दराज से आए लोगों ने संतोष जताया और न्याय की उम्मीद व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर