जनता दरबार में नगर पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को भागलपुर पुलिस द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया।
इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में पहुंचे विभिन्न फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके शीघ्र निवारण का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने-अपने मामलों से जुड़े आवेदन सौंपे। नगर पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी फरियादियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की बारीकी से जानकारी ली।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर तय समय-सीमा के भीतर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पदाधिकारियों को हिदायत दी कि फरियादियों को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर