जन सुराज ने पटना स्नातक से अनुज सिंह को दिया एमएलसी का टिकट

 

पटना, 24 सितम्बर (हि.स.)। पटना स्नातक सीट पर विधान परिषद चुनाव 2026 में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अनुज सिंह को टिकट दे दिया है। मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पहले ही अनुज का एमएलसी चुनाव में समर्थन करने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में जदयू के मौजूदा एमएलसी एवं उम्मीदवार नीरज कुमार को बड़ी चुनौती मिल सकती है।

जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को कुल 3 सीटों पर एमएलसी उम्मीदवारों की घोषणा की। पटना स्नातक के अलावा तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट पर भी उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया। जन सुराज ने पटना स्नातक से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से भूषण झा को उम्मीदवार बनाया है।

प्रशांत किशोर की पार्टी 5 अन्य सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा चार दिन पहले ही कर चुकी है। इस तरह सभी 8 सीटों पर जन सुराज के कैंडिडेट घोषित हो गए हैं। पटना स्नातक सीट पर जदयू एमएलसी नीरज कुमार को जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह कड़ी टक्कर देने वाले हैं।

अनुज लंबे समय से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सक्रिय हैं और चुनावी तैयारियों में जुट गए। पहले उनके निर्दलीय मैदान में उतरने की बात कही जा रही थी। बाद में जन सुराज से लड़ने की अटकलें चलीं, जिस पर प्रशांत किशोर की पार्टी ने गुरुवार को मुहर भी लगा दी।

पटना स्नातक सीट पर लगभग दो दशक से जदयू का कब्जा रहा है और नीरज कुमार लगतार तीन बार यहां से एमएलसी चुनाव जीतते रहे। नीरज और मोकामा विधायक अनंत सिंह की आपसी लड़ाई ने यह मुकाबला और रोचक बना दिया। अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से नीरज की दावेदारी का खुलकर विरोध पहले ही शुरू कर दिया। उन्होंने पिछले दिनों सार्वजनिक मंच पर अनुज सिंह का समर्थन करने की घोषणा कर दी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी