जानकी एक्सप्रेस में जुड़ा अतिरिक्त 3एसी कोच, कटिहार से शुरू हुईं दो पूजा स्पेशल ट्रेनें

 


कटिहार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रेल यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

रेलवे ने जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस ट्रेन में तीन महीने के लिए एक अतिरिक्त 3 एसी कोच जोड़ने के साथ ही कटिहार-भागलपुर और कटिहार-सबौर के बीच दो पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। इस पहल से त्योहारी मौसम में कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा अतिरिक्त कन्फर्म सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 15284 और 15283 में 11 अक्टूबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक एक अतिरिक्त 3 एसी कोच लगाया गया है। इस नए कोच के जुड़ने के बाद यह ट्रेन अब कुल 21 कोचों के साथ नियमित रूप से परिचालित होगी, जिससे लंबी प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस संबंध में कटिहार रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ये आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, और पर्व के दौरान उनकी यात्रा को सुगम बनाना रेल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कटिहार-भागलपुर रेलखंड पर ट्रेन संख्या 03409/03410 पूजा स्पेशल का प्रतिदिन परिचालन 1 दिसंबर तक किया जा रहा है। इसमें ट्रेन संख्या 03409 भागलपुर से शाम 5:00 बजे खुलकर रात 9:40 बजे कटिहार पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 03410 कटिहार से सुबह 6:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इसके अलावा कटिहार-सबौर के बीच ट्रेन संख्या 05782/05781 पूजा स्पेशल का परिचालन सप्ताह में तीन दिन तय किया गया है, जो कुरसेला, नवगछिया, खगड़िया, मुंगेर, सुल्तानगंज और भागलपुर सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को भीड़भाड़ से निजात मिलने के साथ यात्रा के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह