प्रशांत किशोर की जीत पर बक्सर में जश्न, जन सुराज कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशियां

 




बक्सर, 03 अगस्त (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव में बाकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद बक्सर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। जीत की घोषणा होते ही जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा आतिशबाजी कर जीत का स्वागत किया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जन सुराज और प्रशांत किशोर के समर्थन में नारे लगाए। जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि यह केवल एक विधानसभा सीट की जीत नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीतिक सोच, सुशासन और विकास की दिशा में जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज आने वाले समय में बिहार की राजनीति को सकारात्मक और मजबूत विकल्प प्रदान करेगा।

स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रशांत किशोर को बधाई देते हुए कहा कि बाकीपुर की जनता ने बदलाव के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने इसे बिहार की नई राजनीतिक चेतना का संकेत बताया और कहा कि पार्टी पूरे राज्य में जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से आगे बढ़ेगी। बक्सर में देर तक जश्न का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra