जनता के दरबार में डीएम ने सुनीं 51 फरियादें, राजस्व से जुड़े सर्वाधिक 25 आवेदन
बक्सर, 14 सितंबर (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला पदाधिकारी साहिला ने विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं।जनसुनवाई के दौरान कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सर्वाधिक 25 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित रहे। वहीं 15 आवेदन विकास विभाग तथा 11 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े थे।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं न्यायोचित तरीके से किया जाए।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान और प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। प्रशासन ने जनसहभागिता एवं जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए लोगों की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra