भास्कर महोत्सव के तहत तीन दिवसीय भोजपुरी चित्रकला प्रशिक्षण शुरू, 13 नवंबर को लगेगी प्रदर्शनी
बक्सर, 11 नवंबर (हि.स.)। भास्कर महोत्सव 2026 के अवसर पर बुधवार को आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर में तीन दिवसीय निःशुल्क भोजपुरी चित्रकला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि ने किया। प्रशिक्षण शिविर 11 से 13 नवंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों कृष्णा, अभिमन्यु, प्रभात, राहुल, सत्यम एवं रत्न मानस द्वारा छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति से हुई। वहीं, उच्च विद्यालय जासो के छात्र-छात्राओं ने छठ गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने बच्चों को छठ महापर्व की महत्ता, लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा और कला के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने तथा सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के बीच चित्रकला सामग्री का वितरण भी किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 13 नवंबर को अपराह्न 2:30 बजे रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड परिसर में होगा। इस अवसर पर कला प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
मौके पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती प्रतिमा कुमारी, चित्रकला प्रशिक्षक नीलम कुमारी, कमलेश कुंदन, रूपा कुमारी, सौरभ कुमार, सुनीता कुमारी तथा आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के शिक्षक रविरंजन चौबे, शुभम कुमार, मनीष शर्मा एवं महिमा साक्षी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra