दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर, पांच लाभुकों को मिले सहायक उपकरण

 


बक्सर, 17 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के दिशा-निर्देश पर गुरुवार को बुनियाद केंद्र, बक्सर में दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तीकरण को लेकर विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शामिल हुए।

शिविर में सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुनियाद केंद्र के जिला प्रबंधक सहित तकनीकी कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान दिव्यांगजनों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभुकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

मौके पर तीन दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल तथा दो दिव्यांगजनों को बैशाखी प्रदान कर लाभान्वित किया गया। अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी।

सहायक निदेशक ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra