वार्ड परिसीमन को लेकर भ्रम न फैलाए नगर परिषद : मुन्ना तिवारी

 


बक्सर, 15 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 के नए परिसीमन को लेकर आम जनता में उत्पन्न भ्रम की स्थिति पर बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने नगर परिषद से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। मंगलवार को वार्ड संख्या 16 में पहुंचकर उन्होंने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए।

पूर्व विधायक ने कहा कि नगर परिषद को स्पष्ट करना चाहिए कि नए परिसीमन के लिए किसी समिति का गठन किया गया है या नहीं। यदि समिति गठित की गई है तो उसके अध्यक्ष कौन हैं और इसमें कितने सदस्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि नए परिसीमन के लिए जनसंख्या का कौन-सा आधार निर्धारित किया गया है तथा शहर की मानचित्रण प्रक्रिया और वार्डों की चौहद्दी तय करने का आधार क्या रखा गया है।

मुन्ना तिवारी ने कहा कि इन सभी बिंदुओं पर सक्षम पदाधिकारियों को सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए, ताकि जनता के बीच उत्पन्न भ्रम समाप्त हो सके।

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने बताया कि वार्ड की मापी कराई गई है। मापी के संबंध में पूछताछ करने पर नगर परिषद के कर्मचारियों ने वार्ड का नया परिसीमन होने की जानकारी दी। इसके बाद से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोग जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पहचान पत्र सहित अन्य दस्तावेजों में पता बदलवाने को लेकर चिंतित हैं।

संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, विजय राजभर सहित वार्ड के कई लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra