बक्सर के मझरिया में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ, चांदनी देवी को मिला स्वरोजगार का अवसर
बक्सर, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले में
खुटहा पंचायत के मझरिया गांव में सोमवार को जीविका सुधा बिक्री केंद्र (JSBK) का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी साहिला ने केंद्र का उद्घाटन करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर सुधा का दूध एवं विभिन्न दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
जीविका सुधा बिक्री केंद्र का आवंटन संगम संकुल स्तरीय संघ (CLF) के अंतर्गत हीरा जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य चांदनी देवी को किया गया है। केंद्र के संचालन के माध्यम से चांदनी देवी को नियमित आय के साथ स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा। इससे वह स्वयं का व्यवसाय संचालित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जीविका सुधा बिक्री केंद्र केवल दुग्ध उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने की पहल है। ऐसे केंद्रों के माध्यम से महिलाओं में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा के दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जीविका से जुड़ी महिला सदस्यों को स्वरोजगार का अवसर प्रदान करना है। केंद्र के संचालन से ग्रामीण उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर आवश्यक दुग्ध उत्पाद मिलेंगे और दूसरी ओर महिला सदस्य को व्यवसाय के जरिए नियमित आमदनी का साधन उपलब्ध होगा।
जीविका सुधा बिक्री केंद्रों के विस्तार से ग्रामीण इलाकों में दुग्ध उत्पादों की पहुंच बढ़ने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए नए रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है।
उद्घाटन के मौके पर उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला परियोजना प्रबंधक, संगम संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) के प्रतिनिधि, कॉम्फेड के कर्मी, जीविका के पदाधिकारी सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra