महीनों से भूमि ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए परेशान महिला को मिली राहत, लोक शिकायत में हुआ समाधान
बक्सर, 29 अगस्त (हि.स.)। भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए कई महीनों से सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगा रही केसठ प्रखंड की महिला धनवंती देवी को आखिरकार राहत मिल गई।
अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, डुमरांव की पहल पर उनकी शिकायत का त्वरित समाधान कर दिया गया। परिमार्जन के माध्यम से भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने से संबंधित आवेदन का सफलतापूर्वक निष्पादन होने के बाद परिवादी ने संतोष जताते हुए लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, केसठ प्रखंड के खरवनिया गांव निवासी धनवंती देवी ने 3 जून 2026 को भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने से संबंधित परिवाद अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, डुमरांव में दायर किया था। परिवाद की सुनवाई के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक प्राधिकार के रूप में अंचल अधिकारी, केसठ को नोटिस जारी किया गया। साथ ही परिवाद का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निर्देश मिलने के बाद अंचल कार्यालय ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद धनवंती देवी द्वारा परिमार्जन के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया। संबंधित आवेदन की परिमार्जन आईडी 263025844979844 है।
शिकायत के निस्तारण के बाद धनवंती देवी ने लिखित रूप से अपनी सहमति व्यक्त की। उन्होंने बताया कि भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए वह कई महीनों से परेशान थीं। लगातार प्रयास के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। लोक शिकायत निवारण कार्यालय में परिवाद दर्ज कराने के बाद मामले में तेजी आई और अंततः उनकी समस्या का समाधान हो गया।
समस्या का समाधान होने पर परिवादी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तथा लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रति आभार जताया। यह मामला लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का उदाहरण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra