25 अगस्त से प्रत्येक माह लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का निस्तारण
बक्सर, 23 अगस्त (हि.स.)। सात निश्चय-03 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी।
शिविर का आयोजन जिले के सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। इनमें अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण एवं चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल महाविद्यालय, नर्सिंग स्कूल तथा विभिन्न कल्याण विभागों के छात्रावास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय एवं छात्रावास शामिल हैं।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सुझाव भी दे सकेंगे। प्राप्त सुझावों को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा समेकित किया जाएगा। लागू किए जा सकने वाले सुझावों को निर्धारित अवधि में लागू किया जाएगा, जबकि अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति निर्णय लेगी।
शिविर में प्राप्त शिकायतों का अंतिम निस्तारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। निस्तारण से असंतुष्ट विद्यार्थी संबंधित शिकायत की सुनवाई मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में करा सकेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए श्रीमती अनन्या, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान एवं योजना एवं लेखा, बक्सर को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निस्तारण की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त, बक्सर की अध्यक्षता में अनुश्रवण कोषांग का गठन किया गया है। जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संस्थानवार प्रतिनियुक्ति भी की गई है। संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ संवेदनशील शिविरों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन ने शिविरों का निर्धारित मानक प्रक्रिया के तहत आयोजन, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा आयोजन के दिन समेकित प्रतिवेदन तैयार कर प्रशासी विभाग को भेजने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra