विद्युत विपत्र में 30,373.75 रुपये का सुधार, परिवादी को मिली राहत

 

बक्सर, 21 अगस्त (हि.स.)। अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय डुमरांव के हस्तक्षेप से विद्युत विपत्र में अनियमित राशि से परेशान परिवादी को बड़ी राहत मिली है। सिमरी प्रखंड के सहियार गांव निवासी ललन माली, पिता स्व. विश्वनाथ माली ने विद्युत विपत्र में सुधार को लेकर 27 जून 2026 को परिवाद दायर किया था।

परिवाद की सुनवाई के बाद लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, कोरान सराय को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद लोक प्राधिकार द्वारा मामले की जांच की गई। जांच के उपरांत परिवादी के विद्युत विपत्र में 30,373.75 रुपये की राशि का सुधार किया गया।

सुधार के बाद अब परिवादी के विद्युत विपत्र में मात्र 638.25 रुपये की बकाया राशि शेष रह गई है।

समस्या के समाधान पर परिवादी ललन माली ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी और लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रति आभार जताया।इस कार्रवाई से एक बार फिर लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का उदाहरण सामने आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra