जिला समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई
बक्सर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, श्रावणी मेला, विद्यार्थी सहयोग शिविर और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर समेत कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करने का निर्देश दिया गया। लंबित हस्तांतरण मामलों में संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। अपर समाहर्ता को सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने को कहा गया।
श्रावणी मेला के अंतिम सोमवारी, 24 अगस्त को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। प्रमुख घाटों एवं मंदिरों पर तैनात दंडाधिकारियों की एक दिन पूर्व ब्रीफिंग कराने तथा गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्नान घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराने को कहा गया। एसडीओ को गंगा किनारे और बांधों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।
विद्यार्थी सहयोग शिविर को प्रभावी बनाने, नगर निकायों में स्वच्छता की नियमित निगरानी, ई-मापी के लंबित मामलों का एक सप्ताह में निष्पादन तथा फॉर्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा विभागों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां तैयार कर जिला जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra