बक्सर के सिमरी एसएफसी गोदाम जांच में खामियां मिलीं, अब दोषियों पर कार्रवाई का इंतजार
बक्सर, 09 अगस्त (हि.स.) प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदाम में खाद्यान्न तौल में गड़बड़ी के आरोपों की शनिवार को हुई जांच में कई तकनीकी खामियां सामने आईं। हालांकि जांच के दौरान रिमोट से कांटा संचालित करने के आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच में सामने आई कमियों के लिए जिम्मेदार कौन है और संबंधित दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी।
एसडीएम डुमरांव राजीव कुमार के निर्देश पर गठित जांच टीम में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, तकनीकी अभियंता और बीडीओ प्रशांत कुमार शामिल थे। टीम ने गोदाम में घंटों रुककर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, उससे जुड़े रिमोट सिस्टम और खाद्यान्न तौल प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कांटे के वजन में बार-बार उतार-चढ़ाव तथा अन्य तकनीकी खामियां सामने आईं।
जांच टीम ने प्रथम दृष्टया तौल प्रक्रिया में गड़बड़ी और इलेक्ट्रॉनिक कांटे में खामियां होने की बात स्वीकार की। मौके पर मौजूद कांटे का भौतिक सत्यापन भी किया गया। बताया गया कि कांटा बदल दिया गया है।
वहीं पीडीएस संघ के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जांच से पहले ही मूल कांटा बदल दिया गया। टीम ने गोदाम परिसर में मौजूद पीडीएस दुकानदारों के बयान भी दर्ज किए। दुकानदारों ने निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिलने का आरोप लगाया।
अब निगाह जांच रिपोर्ट और उस पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra