सबका सम्मान-जीवन आसान' जन सुनवाई में पहुंचे 34 आवेदन, डीएम ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
बक्सर, 31 जुलाई (हि.स.)। सात निश्चय-03 के तहत संचालित 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जन सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
जन सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 14 राजस्व विभाग, 10 विकास विभाग तथा 10 अन्य विभागों से संबंधित थे।जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाए। जिला प्रशासन ने जन सहभागिता को सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए लोगों से अपनी समस्याएं बेझिझक प्रशासन के समक्ष रखने की अपील भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra