वामन मंदिर और रामरेखा घाट के विकास में तेजी लाने का निर्देश
बक्सर, 24 सितंबर (हि.स.)।
जिले के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में विभिन्न पर्यटकीय एवं ऐतिहासिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बक्सर की ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक विरासत को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए विकास योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में किया जाना जरूरी है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने के साथ कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में वामन भगवान मंदिर प्रांगण के समग्र विकास एवं कायाकल्प को लेकर विशेष चर्चा हुई। पर्यटन की दृष्टि से मंदिर परिसर को विकसित करने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मंदिर परिसर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
रामरेखा घाट पर पर्यटक सुविधाओं के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बक्सर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का योजनाबद्ध विकास आवश्यक है।
बैठक में पर्यटन विभाग से संबंधित अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra